दिल्ली में यमुना में दोस्तों के साथ नहाने गए युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त पीयूष (18) के रूप में हुई है। सूचना के बाद पुलिस के अलावा दमकल कर्मी वहां पहुंच गए। बाद में गोताखोरों की टीम को सूचना दे दी गई। करीब एक घंटे बाद गोताखोरों ने पीयूष का शव पानी से निकाल लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सब्जी मंडी मोर्चरी भेज दिया है। पुलिस पीयूष के दोस्तों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। 
पीयूष परिवार के साथ जेजे कालोनी, गुलाबी बाग में रहता था। इसके परिवार में पिता धनपाल, मां व अन्य सदस्य हैं। पीयूष ने 12वीं कक्षा पास की थी। सोमवार शाम को वह अपने दो दोस्तों के साथ यमुना में नहाने के लिए हनुमान चौक, वजीराबाद में आया था। नहाने के दौरान गहरे पानी में जाने की वजह से पीयूष डूबने लगा। दोस्तों ने उसे बचाने का भी प्रयास किया, लेकिन वह डूब गया। बाद में मामले की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। बाद में परिवार भी वहां पहुंच गया। आधा दर्जन गोताखोरों ने एक घंटे में उसका शव निकाल लिया।