केन्द्रीय जेल अधीक्षक भोपाल एक माह में दें जवाब

भोपाल    सेंट्रल जेल में दहेज हत्या के मामले में बंद युवक की इलाज के दौरान हमीदिया अस्पताल में मौत हो गई। गांधीनगर थाना पुलिस के मुताबिक मृतक मनोज कुमार (24 वर्ष) नजीराबाद थानाक्षेत्र का रहने वाला था। उसकी पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। नवविवाहिता के परिवार के लोगों ने दामाद पर दहेज के लिए परेशान करने का आरोप लगाया था। पुलिस जांच में आरोप की पुष्टि होने के बाद मनोज के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया था, उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। मनोज के खिलाफ मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है। जेल में बंद रहने के दौरान ही मनोज में मनोरोग के लक्षण दिखे थे। मनोचिकित्सक ने जांच के बाद उसे हमीदिया में भर्ती कर लिया था। इस मामले में मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने केन्द्रीय जेल अधीक्षक, भोपाल से एक माह में तथ्यात्मक जवाब मांगा है।