यमुना का जलस्तर घटने लगा है। बुधवार दोपहर पुराने रेलवे पुल पर यमुना का जलस्तर 206.56 मीटर था। लेकिन रात आठ बजे घटकर 206.05 मीटर पर पहुंच गया। प्रशासन ने कहा, अब पानी धीरे-धीरे नीचे जाएगा। लेकिन बाढ़ प्रभावितों को घर लौटने में अभी समय लगेगा। करीब हफ्ते भर तक लोगों को ऊंचे स्थानों पर रहना पड़ेगा। राहत शिविरों में लोगों को खाना और दवाइयां बांटी जा रही हैं।लोगों ने कहा 2013 में यमुना का पानी इसी तरह बढ़ा था। इस बार पिछले महीने बढ़े पानी के मुकाबले ज्यादा दूर तक पानी का फैलाव है। सोमवार को सुबह हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से सीजन का सबसे अधिक पानी छोड़ा गया। करीब 2,95,212 क्यूसेक पानी एक साथ छोड़ा गया, जिसका वेग अधिक था। इसलिए पानी दिल्ली पहुंचने में अपेक्षाकृत कम समय लगा, जबकि हथिनीकुंड से दिल्ली तक पानी पहुंचने में करीब 48 घंटे लगते हैं। मंगलवार को सुबह करीब सात बजे दिल्ली में यमुना का पानी किनारों की ओर फैलने लगा था।