दिल्ली में यमुना किनारे के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए निकासी अलर्ट घोषित कर दिया गया है। और नदी का जलस्तर 205.33 मीटर के खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही। नदी का जलस्तर आज दोपहर 2 बजे 206.30 मीटर पर पहुंच गया। यमुना नदी के खतरे का निशान 205.33 मीटर है। 

पूर्वी दिल्ली के जिला मजिस्ट्रेट अनिल बांका ने बताया कि जलस्तर 206 मीटर के स्तर को पार करने के बाद मंगलवार सुबह निकासी अलर्ट जारी किया गया था। नदी के किनारे निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को खाली कराया जा रहा है और ऊंचे स्थानों पर स्थानांतरित किया जा रहा है। सरकारी स्कूलों और आसपास के इलाकों में रैन बसेरों में उनके ठहरने की व्यवस्था की गई है । 

जल स्तर में और वृद्धि के बारे में लोगों को सावधान करने के लिए घोषणाएं की जा रही हैं। दिल्ली में नदी के पास के निचले इलाकों को बाढ़ की चपेट में माना जाता है। वहां लगभग 37,000 लोगों के घर हैं। दो महीने के भीतर यह दूसरी बार है जब अधिकारी निचले इलाकों में बाढ़ के कारण नदी के बाढ़ के मैदानों में रहने वाले लोगों को निकाल रहे हैं। यमुना ने 12 अगस्त को 205.33 मीटर के खतरे के निशान को पार कर लिया था, जिसके बाद लगभग 7,000 लोगों को नदी के किनारे के निचले इलाकों से निकाला गया था।