भोपाल ।  मध्य प्रदेश का मौसम फिर करवट ले रहा है। दिन में कड़ी धूप निकलने के बाद भी रात में ठंडक बरकरार है। सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में अंतर देखा गया। पचमढ़ी-मंडला में रात का तापमान 8 डिग्री से नीचे रहा वहीं सागर और सिवनी के तापमान में बढ़त देखी गई। सागर और सिवनी में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी भोपाल में रात का तापमान 13 डिग्री से ज्यादा रहा, वहीं इंदौर में भी तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई।  
मौसम विभाग ने आज से बनने वाले नए सिस्टम का असर प्रदेश में दिखने की संभावना व्यक्त की है। इस सिस्टम के सक्रिय होने के बाद प्रदेश के कई हिस्सों के तापमान में अंतर दिखेगा। वहीं 24 फरवरी से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की आशंका व्यक्त की जा रही है। जबलपुर संभाग में नए सिस्टम का असर रहेगा। हालांकि प्रदेश के अन्य इलाकों में ज्यादा असर नहीं दिखेगा। मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि पाकिस्तान से आने वाली हवाओं के चलते राजस्थान में चक्रवात सक्रिय हो सकता है, जिससे प्रदेश में भी नया सिस्टम बनेगा। नए सिस्टम का असर भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन समेत प्रदेश के अधिकांश इलाकों में रहेगा, लेकिन जबलपुर संभाग में इसका प्रभाव सबसे ज्यादा रहेगा। जिसके चलते 24 से 26 फरवरी के बीच इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। हल्के बादल भी छा सकते हैं। प्रदेश में अब लोगों को ठंड से राहत मिल जाएगी। सिर्फ सुबह और शाम के वक्त हल्की ठंडक का अहसास होगा। वहीं रात के तापमान में लगातार बढ़ोत्तरी दर्ज होने की संभावना है।
प्रदेश के कई हिस्सों के तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज
ठंड की समाप्ति के साथ ही प्रदेश के कई इलाकों के तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही है। जबलपुर संभाग, छिंदवाड़ा, पचमढ़ी और रायसेन में तापमान लुढ़क गया है। सागर, भोपाल, इंदौर समेत अधिकांश इलाकों के तापमान में 4 डिग्री तक बढ़ोत्तरी दर्ज हुई है।