नई दिल्ली | भाजपा आलाकमान का नियुक्ति पत्र मिलते ही रविवार को वीरेंद्र सचदेवा ने प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष पद का कार्यभार संभाल लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हम सामूहिक नेतृत्व प्रणाली से काम करेंगे। उन्होंने पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं को वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास के संदेश को जन-जन में प्रसारित करके वर्ष 2024 में दिल्ली में भाजपा के सभी सातों सांसद प्रत्याशियों को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को कार्य करना है।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी, प्रदेश महामंत्री कुलजीत सिंह चहल, हर्ष मल्होत्रा व दिनेश प्रताप सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव बब्बर, अशोक गोयल, सुनील यादव, राजन तिवारी, कर्म सिंह कर्मा, प्रदेश मंत्री लता सोढ़ी व सरदार इम्प्रीत सिंह बक्शी, मीडिया रिलेशन प्रभारी हरीश खुराना, मीडिया रिलेशन प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर, किसान मोर्चा के अध्यक्ष विनोद सहरावत, महिला मोर्चा की अध्यक्ष योगिता सिंह, पूर्वांचल मोर्चा के अध्यक्ष कौशल मिश्रा, प्रदेश प्रवक्ता यासिर जिलानी व अजय सहरावत आदि ने वीरेंद्र सचदेवा को बधाई दी। इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन भी उपस्थित थे।

वीरेंद्र सचदेवा वर्ष 1988 से राजनीति में सक्रिय हैं। वे भाजपा के चांदनी चौक जिला के उपाध्यक्ष व महामंत्री रहे। वर्ष 2007 में वे चांदनी चौक के जिलाध्यक्ष बने। निवास परिवर्तन के बाद वर्ष 2014 में मयूर विहार जिले के अध्यक्ष भी चुने गए और वर्ष 2009 में प्रदेश में मंत्री रहे और 2017 में प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए गए।