राजधानी में एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पड़ोसी युवक की दरिंदगी का शिकार हुई पीड़िता एचआईवी पॉजिटिव हो गई है। उसका दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। आरोपी ने पेय पदार्थ में नशीला पदार्थ देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना से वह इतनी सहम गई कि घर में गुमसुम रहने लगी।तबीयत बिगड़ने पर मां उसे डॉक्टर के पास ले गई, जहां जांच के बाद पता चला कि वह एचआईवी पॉजिटिव है। विकासपुरी थाना पुलिस ने नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने, जान से मारने की धमकी समेत पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।

पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी मां के साथ रहती है। उसके पड़ोस में किराए पर एक युवक रहता था। एक दिन अकेली देखकर वह उसके घर में घुस गया। वह अपने साथ शीतल पेय पदार्थ लेकर आया था, जो लड़की को पिला दिया। उसे पीते ही वह बेहोश हो गई। होश में आने के बाद पता चला कि आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया है। विरोध करने पर युवक ने धमकी दी कि यदि किसी को बताया तो उसकी मां की हत्या कर देगा। डर की वजह से उसने घटना के बारे में अपनी मां को भी नहीं बताया।तबीयत खराब रहने पर मां ने उसका दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में इलाज कराया। जांच में पता चला कि वह तपेदिक रोग से ग्रस्त हो  गई है। बाद में एचआईवी पॉजिटिव होने की जानकारी हुई। मां ने लड़की से बात की तो उसने घटना के बारे में बताया।