मेट्रो स्टेशन पर महिला शिक्षिका से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। दिल्ली नगर निगम प्राथमिक विद्यालय की एक शिक्षिका ने आईपी एक्सटेंशन मेट्रो स्टेशन पर छेड़छाड़ किए जाने का आरोप लगाया। यमुना बैंक मेट्रो पुलिस ने छेड़छाड़ का केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मेट्रो पुलिस उपायुक्त जितेंद्र मणि ने बताया कि आरोपी की पहचान कल्याणपुरी निवासी राजेश चंद मीणा के रूप में हुई है। राजेश गोकलपुरी स्थित प्राथमिक विद्यालय में बतौर शिक्षक कार्यरत है। महिला शिक्षक ने आरोप लगाया कि आरोपी पहले भी पीछा कर उसके साथ छेड़छाड़ कर चुका है। शिकायत करने पर आरोपी ने माफी मांग ली थी। आरोपी ने लिफ्ट से प्लेटफार्म पर जाने के दौरान वारदात को अंजाम दिया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी लेकिन पीड़िता ने साहस कर स्टेशन कंट्रोलर के जरिये पुलिस को शिकायत दी। सूचना मिलते ही पुलिस स्टेशन कंट्रोलर के कार्यालय पहुंचे। स्टेशन कंट्रोलर ने महिला और आरोपी को पुलिस के हवाले किया।