दिल्ली | बीते कई दिनों से भीषण गर्मी व लू झेल रहे दिल्ली-एनसीआर वासियों को बुधवार को मौसम के बदले मिजाज ने राहत दिलाई। दिनभर बादलों और सूरज के बीच लुकाछीपी खेल शाम को तेज बारिश के साथ खत्म हुआ। इस दौरान दिल्ली के कुछ इलाकों में बारिश के साथ-साथ ओलावृष्टि भी रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए पूर्वानुमान जारी करते हुए आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ आंधी-तूफान की संभावना जताई है।उत्तर-पश्चिम भारत में इस समय पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। मौसम विभाग ने बुधवार सुबह तक यलो जारी करते हुए 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ आंधी-तूफान की संभावना जताई थी। हालांकि, दोपहर तक यलो अलर्ट ऑरेंज अलर्ट में परिवर्तित हो गया। सुबह से बादलों और सूरज के बीच लुकाछीपी का खेल चलता रहा। इस बीच दोपहर में मौसम ने करवट ली। रोहिणी, पीतमपुरा व पश्चिम विहार इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी दर्ज की गई।