कोरोना प्रतिबंधों के चलते बंद पड़े दर्शनीय स्थल अब खुलने शुरू हो गए हैं, इसी कड़ी में आज दिल्ली का चिड़ियाघर भी खुल गया है। कोरोना प्रतिबंधों के चलते बंद किया गया दिल्ली स्थित नेशनल म्यूजियम तीन मार्च से खुल जाएगा। इसे लेकर मंगलवार को संस्कृति मंत्रालय ने मंजूरी दी है। इसके साथ ही लंबे समय से बंद नेशनल म्यूजियम का दीदार एक बार फिर से आम लोग कर सकेंगे।

कोरोना के कारण लंबे समय से बंद चल रहा चिड़ियाघर एक मार्च यानी आज से पर्यटकों के लिए खुल गया है। हालांकि अभी सीमित संख्या में पर्यटकों को प्रवेश दिया जा रहा है। पर्यटकों को टिकट ऑनलाइन ही मिल रहा है।

सामान्य दिनों में करीब 10 हजार तक पर्यटक यहां आते हैं। अब इसे नए सिरे से खोला गया है। जीव जंतुओं की सुरक्षा के लिहाज से पर्यटकों को मास्क और सामाजिक दूरी का पालन करना होगा। सैनिटाइजेशन और थर्मल स्क्रीनिंग के बाद चिड़ियाघर में प्रवेश मिल रहा है। अंदर खाने पीने की चीजें लेकर जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। गौरतलब है कि कोरोना की तीसरी लहर आने पर दिल्ली चिड़ियाघर बंद कर दिया गया था।