दिल्ली पुलिस ने दिल्ली के महिपालपुर इलाके में होटल के कमरा नंबर 203 में हुए लड़की के मर्डर की गुत्थी को सुलझा लिया है। युवती के प्रेमी ने ही उसकी हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी शिवम शक के चलते अपनी प्रेमिका की हत्या कर फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी शिवम चौहान को उत्तर प्रदेश के बिसौली से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। 

27 फरवरी को पुलिस को सूचना मिली कि महिपालपुर इलाके के एक होटल के कमरे में लड़की की लाश पड़ी है। खुद होटल के स्टाफ ने पुलिस को सूचना दी थी पुलिस जब मौके पर पहुंची तो पुलिस ने कमरे का दरवाजा खोला। पुलिस की टीम को लड़की की लाश जमीन पर पड़ी मिली। एफएसएल की टीम को मौके पर बुलाया गया और कमरे से तमाम सबूत इकट्ठे किए गए पुलिस ने जब होटल से जानकारी इकट्ठी की तो पुलिस को पता चला कि 25 फरवरी को शिवम चौहान नाम के एक लड़के ने अपनी गर्लफ्रेंड के साथ होटल में चेक-इन किया था। पुलिस को यह भी पता चला कि शिवम 26 फरवरी की रात करीब 11:00 बजे होटल से चला गया था और उसके बाद वापस नहीं लौटा। 27 फरवरी को होटल के स्टाफ को कुछ शक हुआ। जिसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने कत्ल का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

कॉल डीटेल की जांच से पुलिस को एक नंबर मिला और पुलिस शिवम को तलाशते हुए उत्तर प्रदेश के बिसौली पहुंची। जहां से आरोपी शिवम को गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार करने के बाद पुलिस की टीम ने जब आरोपी शिवम से पूछताछ की तो आरोपी ने बताया कि वह लड़की को 4 साल से जानता था। पहले दोनों की दोस्ती थी और दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। शिवम ने पुलिस को बताया कि वो 25 फरवरी को होटल में लड़की के साथ पहुंचा था, लड़की अपने फोन पर लगातार किसी और से बात कर रही थी। शिवम को उस पर शक हुआ उसने लड़की से जानना चाहा कि आखिरकार वो किससे बात कर रही है, लेकिन लड़की ने कुछ बहाना बना दिया। तभी शिवम को पता चला कि उसकी प्रेमिका किसी और लड़के से बात कर रही है, इसी बात पर दोनों के बीच झगड़ा शुरू हुआ और शिवम लड़की का कत्ल कर के वहां से चला गया।