नई दिल्ली | राजधानी में प्रचंड गर्मी का दौर जारी है। इस कड़ी में रविवार को भी लोगों ने सूरज के तल्ख तेवरों का सामना किया। बीते 24 घंटे में अधिकतम पारा 43.9 डिग्री सेल्सियस पहुंचने पर 12 जून बीते तीन सालों में सबसे गर्म रहा। इससे पहले 2019 में पारा 44.5 डिग्री सेल्सियस पहुंचा था। अगले 24 घंटे में भी भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए भीषण गर्मी पड़ने की संभावना जताई है।रविवार को सुबह से ही सूरज के तल्ख तेवर रहे। दिनभर लू थपेड़ो का दौर जारी रहा। इस बीच अधिकतम तापमान सामान्य से चार अधिक 43.9 व न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच अधिक 32.8 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। रविवार की वजह से छुट्टी होने के कारण दोपहर में सड़कों पर लोगों की संख्या कम रही। वहीं, पर्यटन स्थलों पर भी लोगों की कम भीड़ देखी गई। हवा में नमी का स्तर 15 से 33 फीसदी रहा।