दिल्ली एम्स में भर्ती लालू यादव को गीता पाठ करने व सुनने से रोकने का मामला सामने आया है। उनके पुत्र तेजप्रताप यादव ने आरोप लगाया 'पिताजी को अस्पताल में श्रीमद भगवत गीता का पाठ करने एवं सुनने से रोक दिया गया, जबकि पिताजी को गीता पाठ पढ़ना एवं सुनना काफी पसंद है। गीता पाठ से रोकने वाले वाले उस अज्ञानी को ये नहीं पता कि इस महापाप की कीमत उसे इसी जन्म में चुकानी होगी..।'

दिल्ली एम्स में भर्ती बिहार के पूर्व सीएम लालू यादव की सेहत में तेजी से सुधार हो रहा है। उनकी बड़ी बेटी मीसा भारती ने सोमवार बताया था कि उनके पिता की तबीयत में पहले से काफी सुधार है। किडनी में समस्या अभी भी बनी हुई है। उनका क्रिएटिनिन बढ़ा हुआ है। लेकिन अब स्थिति पहले से स्थिर है। उन्होंने बताया कि डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं। लालू यादव को अब ICU से प्राइवेट वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है।