दिल्ली  | शाहदरा जिले के जगतपुरी इलाके में महज बाइक टच हो जाने पर एक युवक ने बाइक सवार के सीने में चाकू घोंप दिया। गंभीर हालत में पीड़ित को पहले हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत को देखते हुए उसे जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने पीड़ित मलखान सिंह का बयान लेकर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की पहचान कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, मूलरूप से अलीगढ़, यूपी का रहने वाला मलखान सिंह अपने परिवार के साथ जगतपुरी गली नंबर-9 में रहता है। उसका दिल्ली में टाइल-पत्थर लगाने का काम है। मंगलवार शाम को वह अपने दोस्त धर्मेंद्र के साथ बाइक की सर्विस करवाने के लिए पास के चंदू पार्क गया था। बाइक सर्विस कराने के बाद दोनों दोस्त दुकान से निकलने लगे।

इस बीच बाइक को बैक करते समय उसकी बाइक एक युवक से टच हो गई। इस बात पर युवक आग बबूला हो गया। वह मलखान के साथ गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी हाथापाई करने लगा। इस बीच आरोपी ने चाकू निकालकर मलखान के सीने में घोंप दिया। इसके बाद फरार हो गया। घायल को निजी वाहन से पीड़ित को नजदीकी अस्पताल ले गया, जहां उसे दूसरे अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।