नई दिल्ली । नवंबर के अंतिम सप्ताह में अधिकतम और न्यूनतम पारा प्रतिदिन नए-नए रिकॉर्ड बना रहा है। औद्योगिक नगरी में सोमवार को सुबह 11 बजे तक सूरज के दर्शन नहीं हुए। आंकड़ों की माने तो सोमवार का दिन इस सीजन का अबतक की सबसे सर्द दिन रहा। इससे घरों से बाहर निकले लोगों ने ठंड का अहसास किया। सुबह साढ़े 11 बजे तक कोहरे के साथ धुंध की चादर रही। तेज हवा चलने से घरों से बाहर निकले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों की कंपकंपी छूट गई। खुले स्थानों पर बुरा हाल रहा, जबकि बंद स्थानों पर गलन का सामना करना पड़ा। रात में मुसीबत और बढ़ गई। न्यूनतम तापमान 14 और अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन और रात के तापमान में अंतर कम हो जाने से मुश्किलें बढ़ गई हैं। दिन के तापमान में ज्यादा गिरावट और आसमान में बादल छाए रहने से स्थिति ज्यादा गंभीर रही है। नवंबर माह बीतने के साथ ठंड ने शहरवासियों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। सुबह से शाम तक लोग धूप तरस रहे हैं। दोपहर एक बजे के आसपास सूर्य के दर्शन तो हुए लेकिन कोहरे की चादर के पीछे छवि भर दिखी। सुबह और शाम कई जगह सड़क के किनारे लोग अलाव ताप रहे हैं। चाय की स्टालों पर अधिक भीड़ नजर आने लगी है।