भोपाल ।  मध्यप्रदेश में रविवार से  भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने के आसार बन रहे हैं। पश्चिमी विक्षोभ के असर से तापमान में कमी आने का अनुमान है। आज शनिवार को मौसम के मिजाज पूर्व की तरह से तीखे रहे।  शुक्रवार को मध्यप्रदेश में सबसे अधिक 46.2 डिग्री सेल्सियस तापमान नौगांव में दर्ज किया गया। राजगढ़, ग्वालियर, खंडवा, खरगोन, खजुराहो, नौगांव, सतना एवं दमोह में लू चली। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक शनिवार को भी मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से रविवार से भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने के आसार हैं। पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला के अनुसार, वर्तमान में मध्य प्रदेश के मध्य से लेकर कर्नाटक तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है। इस वजह से कुछ नमी मिलने के कारण शुक्रवार को ऊंचाई के स्तर पर कुछ बादल छा गए थे। उधर एक पश्चिमी विक्षाेभ वर्तमान में अफगानिस्तान और उससे लगे पाकिस्तान पर सक्रिय है। शनिवार से यह उत्तर भारत को प्रभावित करने लगेगा, जिसके चलते रविवार से भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने के आसार हैं। उधर रविवार-सोमवार को एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ के भी उत्तर भारत को प्रभावित करने की संभावना है। इससे मई माह की शुरुआत में मौसम का मिजाज कुछ नरम रह सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी पीके साहा के अनुसार, मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। हवा का रुख पश्चिमी बना रहने से शुक्रवार को  भी प्रदेश में गर्मी के तेवर तीखे बने रहे। हालांकि दोपहर के समय कुछ बादल छाने के कारण राजधानी के तापमान में बढ़ोतरी नहीं हो सकी, जिसके चलते अधिकतम तापमान 43.3 डिग्रीसे. रिकार्ड हुआ, जो सामान्य से तीन डिग्रीसे. अधिक रहा। गुरुवार को भी अधिकतम तापमान 43.3 डिग्रीसे. ही रहा था। न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्रीसे. दर्ज किया गया। यह सामान्य से तीन डिग्रीसे. अधिक रहा। जाे गुरुवार के न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्रीसे. की तुलना में भी तीन डिग्रीसे. अधिक रहा।