भोपाल । मध्यप्रदेश के नौ जिलों में आज को लू चलने की संभावना है। प्रदेश के इन जिलों में खंडवा, खरगोन, नर्मदापुरम, छतरपुर, राजगढ़, खजुराहो, दमोह, रतलाम, नीमच आदि शहर शामिल है। प्रदेश के मौसम को प्रभावित करने वाली किसी मौसम प्रणाली के सक्रिय नहीं रहने के कारण गर्मी के तेवर तीखे होने लगे हैं। इसी क्रम में बुधवार को राजगढ़ में अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह बुधवार को देश में मैदानी क्षेत्रों में सबसे अधिक तापमान है। राजधानी का अधिकतम तापमान 42.8 डिग्रीसे. रिकार्ड किया गया। यह शहर में इस सीजन का सबसे अधिक तापमान रहा। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक गुरुवार को खंडवा, खरगोन, नर्मदापुरम, छतरपुर, राजगढ़, खजुराहो, दमोह, रतलाम, नीमच आदि शहरों में भी लू चनने के आसार है।  पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला के अनुसार, वर्तमान में कोई भी पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं है। हालांकि दक्षिण–पूर्वी मप्र से विदर्भ से लेकर तमिलनाडु तक एक ट्रफ लाइन बनी है, लेकिन इस मौसम प्रणाली का मप्र के मौसम पर कोई प्रभाव नहीं पड़ रहा है। हवा का रुख भी पश्चिमी बना हुआ है। सूर्य की किरणें भी लंबवत धरती पर पड़ रही हैं। इस वजह से तापमान बढ़ रहा है। गुरुवार को गर्मी के तेवर और तीखे हो सकते हैं। कई शहरों में लू की स्थिति बनने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी पीके साहा के अनुसार, वर्तमान में कोई पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं है। इससे मौसम शुष्क बना हुआ है। सूर्य की किरणें सीधी पृथ्वी पर पड़ने के कारण अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। इसी क्रम में राजधानी का अधिकतम तापमान 42.8 डिग्रीसे. रिकार्ड किया गया। जो सामान्य से दो डिग्रीसे. अधिक रहा। यह मंगलवार के अधिकतम तापमान 41.8 डिग्रीसे की तुलना में एक डिग्रीसे. अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्रीसे. दर्ज किया गया। यह सामान्य से एक डिग्रीसे. कम रहा। साथ ही यह मंगलवार के न्यूनतम तापमान 24 डिग्रीसे. की तुलना में 0.6 डिग्रीसे. कम रहा।