राजधानी में रविवार को अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह पिछले 10 वर्षों में 20 मार्च को दर्ज सबसे अधिक तापमान है। इससे पहले वर्ष 2012 में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहा था। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 22 और 26 मार्च को हवा चलने से गर्मी से राहत मिल सकती है। पूरे सप्ताह मौसम साफ बना रहेगा।

पिछले कुछ सालों में मार्च के मध्य तक चार से पांच बार पश्चिमी विक्षोभ आता था, जिससे दिल्ली में गुलाबी ठंड का अहसास रहता था, लेकिन इस बार अब तक पश्चिमी विक्षोभ नहीं आया है। यही वजह है कि गर्मी अधिक पड़ रही है। पश्चिमी क्षेत्र से आ रही हवा से रविवार को तापमान पिछले दस सालों में सबसे अधिक देखा। अभी कुछ दिन गर्मी रहेगी। अधिकतम तापमान एक से दो डिग्री ऊपर-नीचे होता रहेगा। रविवार को दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक खराब श्रेणी में 242 दर्ज किया गया।