भारत जोड़ो यात्रा में व्यस्त राहुल ने शीतकालीन सत्र छोड़ दिया      

    
नई दिल्ली । भारत जोड़ो यात्रा में व्यस्त कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने समाप्त हुए संसद के शीतकालीन सत्र को छोड़ दिया। रिपोर्ट के अनुसार 17वीं लोकसभा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संसदीय उपस्थिति 53 प्रतिशत है। 21 दिसंबर तक के पीआरएस के आंकड़ों के अनुसार यह सांसदों की उपस्थिति के 79 प्रतिशत राष्ट्रीय औसत से कम है। राहुल गांधी केरल में वायनाड से सांसद हैं और केरल के सांसदों की औसत उपस्थिति 84 फीसदी है।
17वीं लोकसभा में राहुल गांधी ने पांच बहसों में हिस्सा लिया। यह राष्ट्रीय औसत का 39.7 प्रतिशत है जबकि राज्य का औसत 66.1 प्रतिशत है। राहुल गांधी ने 17वीं लोकसभा के दौरान 86 प्रश्न पूछे हैं जो पिछली दोनों लोकसभाओं को मिलाकर अधिक हैं। पीआरएस के अनुसार 17वीं लोकसभा में सांसदों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का राष्ट्रीय औसत 155 है जबकि केरल का औसत 207 है।
16वीं लोकसभा (2014-19) में कांग्रेस नेताओं की संख्या समान थी। उत्तर प्रदेश में अमेठी का प्रतिनिधित्व करने वाले राहुल गांधी की उपस्थिति 52 प्रतिशत थी जबकि राष्ट्रीय औसत 80 प्रतिशत और यूपी के सांसदों की उपस्थिति का औसत 86 प्रतिशत था।
राहुल गांधी ने 16वीं लोकसभा में 14 बहसों में भाग लिया। उन्होंने कोई भी प्रश्न नहीं पूछा था जबकि राष्ट्रीय औसत 293 प्रश्न और राज्य औसत 198 प्रश्न था। 2009 और 2014 के बीच 15वीं लोकसभा के दौरान राहुल गांधी ने अमेठी का प्रतिनिधित्व किया था। इस दौरान पांच साल में उनकी उपस्थिति 43 फीसदी रही थी। वहीं उत्तर प्रदेश के सांसदों की औसत उपस्थिति 79 प्रतिशत थी। उन्होंने दो बहस में भाग लिया था।