नोएडा। बादलपुर के अच्छेजा गांव में एक शादी समारोह में हर्ष फायरिंग में दो बच्चों समेत सात लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। यह घटना तब हुई जब बारात की घुड़चढ़ी हो रही थी। बारात गांव के मंदिर पर पहुंची तो शादी में शिरकत कर रहे एक युवक ने खुशी में हथियार से गोली चलाई।
पुलिस के एक अफसर ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार थाना बादलपुर क्षेत्र के अच्छेजा गांव में सोमवार रात को सुंदर सिंह के दो बेटों की बारात आई हुई थी। 
  पुलिस के मुताबिक गोली के छर्रे लगने से मंदिर के पुजारी आशीष तिवारी, शिवम, पीयूष शर्मा और किन्नु सहित सात लोग घायल हो गए। घायलों को वहां से आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया। सहायक पुलिस आयुक्त योगेंद्र सिंह ने बताया कि इस मामले में अच्छेजा गांव निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर राहुल नामक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी फरार है, उसकी की तलाश की जा रही है। जनपद गौतम बुद्ध नगर में हर्ष फायरिंग पूरी तरह से प्रतिबंधित है। पुलिस को शक है कि घटना में प्रयुक्त हथियार अवैध है।