नई दिल्ली | दिल्ली के एक निजी अस्पताल के डॉक्टरों ने एक 32 वर्षीय अमेरिकी महिला के शरीर से तीन जिंदा कीडे़ (बॉटफ्लाई) निकाले हैं। बॉट फ्लाई एक छोटा कीड़ा जैसा है जो इंसानों के अलावा स्तनधारियों के शरीर में घुस जाते हैं। 32 वर्षीय महिला के मामले में मयाइसिस (ह्यूमैन बॉटफ्लाई) की पुष्टि होने के बाद सफलतापूर्वक इलाज किया गया। मरीज अपनी दायीं पलक में सूजन के अलावा लाली की शिकायत के साथ अस्पताल आई थी। जांच के दौरान पता चला कि महिला को पिछले चार से छह हफ्तों से अपनी पलकों के पीछे कुछ चलता हुआ महसूस हो रहा था। महिला ने अमेरिका में डॉक्टरों से परामर्श लिया था, लेकिन मयाइसिस (ह्यूमैन बॉटफ्लाई) को हटाया नहीं जा सका और डॉक्टरों ने उन्हें राहत देने के लिए कुछ दवाएं देकर डिस्चार्ज कर दिया। इसके बाद वह इलाज के लिए दिल्ली के एक निजी अस्पताल पहुंची। यहां डॉक्टर मोहम्मद नदीम ने उनकी सफल सर्जरी की। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते मयाइसिस (ह्यूमैन बॉटफ्लाई) को हटाया नहीं जाता तो यह शरीर के कई ऊतकों को नुकसान पहुंचा सकता था, जिसकी वजह से नाक के अलावा, चेहरे और आंखों को क्षति पहुंच सकती थी। यहां तक कि इसकी वजह से मरीज दुर्लभ किस्म की मेनिंजाइटिस का शिकार भी हो सकती थी और मृत्यु की भी आशंका थी।