भोपाल। भाजपा हमेशा से सिर्फ धर्म की राजनीति करती आई है। इनकी कथनी और करनी में बहुत अंतर है। गाय को यह लोग माता का दर्जा देते हैं, लेकिन उसकी दुर्दशा की ओर यह लोग ध्यान नहीं देते। यह कहना है पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का। सिंह शुक्रवार सुबह इंदौर एयरपोर्ट पर कुछ देर रुके थे, जहां स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने उनसे मुलाकात की। इस दौरान सिंह को पेडमी की गौशाला में हुई घटना की जानकारी दी गई। इस पर पूर्व सीएम ने कांग्रेस नेताओं को सभी गौशालाओं में जाकर व्यवस्था देखने के संबंध में जरूरी दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को खुद सभी गौशालाओं का ऑडिट करने के लिए भी कहा।
सिंह ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार ने गौ-माता के चारे को लेकर 1 रुपए 60 पैसे प्रतिदिन के हिसाब से जो बजट का प्रावधान किया है वह बहुत कम है। इस कारण ही गौ-माता की दुर्दशा हो रही है। भाजपा की कथनी और करनी में बहुत अंतर है। भाजपा हमेशा धर्म की राजनीति करती आई है। गौ-शाला में गौ-माता की अच्छी व्यवस्था पर कोई ध्यान नहीं देता है। पूर्व सीएम सिंह ने कहा कि जो गौ-माता पर अत्याचार हुआ है। उसके लिए दोषियों को दंड मिलना चाहिए। पूर्व सीएम सिंह ने सभी कांग्रेस नेताओं को पेडमी में गौ-माता के अंतिम संस्कार की व्यवस्था देखने के भी निर्देश दिए।