नई दिल्ली | राजधानी में लगातार संक्रमण बढ़ रहा है। इस कड़ी में बीते 24 घंटे में 37 दिन बाद दिल्ली में कोरोना के सबसे अधिक 1375 नए मरीज मिले हैं। राहत की बात यह है कि 909 मरीजों ने कोरोना को हराया है व एक भी मरीज ने संक्रमण से दम नहीं तोड़ा। नए मामलों के साथ संक्रमण दर 7.01 फीसदी दर्ज की गई है। बीते एक दिन में कोरोना के 19622 टेस्ट किए गए हैं। इसमें से 13367 आरटीपीसीआर व 6255 एंटीजन टेस्ट हुए हैं। होम आइसोलेशन में 2108 उपचाराधीन हैं, जबकि एक दिन पहले इन मरीजों की संख्या 1910 थी। बीते एक दिन में अस्पताल में भर्ती मरीजों की संख्या में भी वृद्धि हुई है। मंगलवार तक भर्ती मरीजों की संख्या 149 थी, जोकि बुधवार तक 169 पर पहुंच गई है।आईसीयू में दो मरीजों की बढ़ोतरी के साथ ताजा संख्या 50 पर पहुंच गई है। वहीं, ऑक्सीजन सपोर्ट पर भी दो मरीज बढ़कर 50 हो गए हैं व वेंटिलेटर पर मरीजों की संख्या में बदलाव नहीं हुआ है,जोकि आठ है। बीते 24 घंटे में 23613 लोगों ने टीके की खुराक ली है। इसमें से 2351 लोगों ने पहली व 7057 लोगों ने दूसरी खुराक ली है। वहीं, 14205 लोगों ने एहतियाती खुराक लगवाई है। सक्रिय मरीजों की संख्या 3643 व कंटेनमेंट जोन 199 हो गए हैं, जबकि एक दिन पहले 190 कंटेनमेंट जोन थे।