नई दिल्ली । लोकसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस में उम्मीदवारों के नाम पर मंथन जारी है। इस बीच दिल्ली के संभावित उम्मीदवारों के नाम सामने आए हैं। सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस चांदनी चौक से अलका लांबा, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली से अरविंदर सिंह लवली और नॉर्थ वेस्ट दिल्ली से उदित राज को टिकट दे सकती है। दिल्ली में कांग्रेस अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है। आप पहले ही चार सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर चुकी है। आप ने पश्चिमी दिल्ली से महाबल मिश्रा, दक्षिण दिल्ली से सहीराम पहलवान, नई दिल्ली से सोमनाथ भारती और पूर्वी दिल्ली सीट से कुलदीप कुमार को उम्मीदवार बनाया है। बीजेपी ने उत्तर पूर्व दिल्ली से मनोज तिवारी, पश्चिमी दिल्ली से कंवलजीत सेहरावत, दक्षिणी दिल्ली से रामवीर सिंह बिधूड़ी, नई दिल्ली से बांसुरी स्वराज को उम्मीदवार बनाया है।