दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में हाड़ कंपा देने वाली सर्दी का सितम जारी है। हाथ-पैर सुन्न कर देने वाली शीत लहर और घने कोहरे से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। दिल्ली-एनसीआर में तीन दिन की फौरी राहत के बाद पहाड़ों में हो रही बर्फबारी के असर से नए साल में एक बार फिर से शीत लहर की स्थिति बन रही है। इस दौरान तापमान तापमान पांच डिग्री तक पहुंच जाएगा। अभी उत्तर पश्चिम से आ रही हवा सर्दी में इजाफा कर रही है। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार आज तापमान 7 डिग्री रहने का अनुमान है। 

दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार सुबह एक बार फिर घने कोहरे से सुबह की शुरूआत हुई, सर्दी भी काफी रही। अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 17.2 और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा, चंडीगढ़ में कुछ स्थानों और दिल्ली राजस्थान में कहीं कहीं शीत लहर व गंभीर शीत लहर की स्थिति रही। दिल्ली के आयानगर में सबसे कम चार डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। रिज में 4.4 व मुंगेशपुर में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस रहा। दिल्ली के मुकाबले में एनसीआर के इलाकों में थोड़ी राहत रही। गुरुग्राम में तापमान 6.1, फरीदाबाद में 8.2, नोएडा में 7.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

घना कोहरा करेगा परेशान
पंजाब, पूर्वी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, नॉर्थ राजस्थान, पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर एक घने कोहरे की परत बनी हुई है। इस कारण से घना कोहरा अभी परेशान कर रहा है। अभी कुछ दिन इन इलाकों में घना कोहरा परेशान करता रहेगा। मंगलवार को पालम में सुबह 3.30 बजे तक दृश्यता 50 मीटर रही। 7.30 बजे थोड़ा सुधार हुआ और दृश्यता 100 मीटर पहुंच गयी।