दिल्ली में एक-दो दिन से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। अब अगले सप्ताह से इस विक्षोभ का असर कम होने से मौसम यू टर्न लेगा और न्यूनतम तापमान तेजी से गिरेगा। इससे सर्दी बढ़ जाएगी। तापमान छह डिग्री तक पहुंचने की संभावना है जबकि अभी न्यूनतम तापमान 8 डिग्री से ऊपर चल रहा है।

दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अधिकतम तापमान बढ़ने सेे दिन में तेज हवाओं के चलने के बाद भी हल्की गर्मी का अहसास हुआ। वहीं, दिल्ली के कई मौसम विज्ञान केंद्रों पर न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री से ऊपर ही दर्ज हुआ। पीतपमुरा में न्यूनतम तापमान 13.5 और स्पोर्ट् स कॉम्पलेक्स में 13.4 डिग्री दर्ज हुआ। वहीं, सुबह के समय कोहरे ने भी लोगों को परेशान किया। 

दिल्ली में शुष्क मौसम की वजह है कि पहाड़ों में तेजी से कोई पश्चिमी विक्षोभ की स्थिति नहीं बनी है। अभी एक कमजोर विक्षोभ है, जिसका असर एक से दो दिन में खत्म होने की संभावना है। इसका असर खत्म होने पर तापमान गिरने लगेगा। विभाग के अनुसार, रविवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री रहने की संभावना है। मौसम साफ रहेगा और हल्की हवाएं चल सकती हैं। सुबह के समय हल्का कोहरा परेशान कर सकता है।