उत्तर-पश्चिम दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में घरेलू कलह के दौरान एक महिला के ऊपर खौलती हुई दाल का कुकर पलट दिया गया। इसकी वजह से महिला लता बुरी तरह झुलस गई। गंभीर हालत में उसे बाबू जग जीवन राम अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने लता के बयान पर उसकी सास और ननद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। शुरुआती जांच के बाद पुलिस इसे पारिवारिक कलह का मामला बता रही है।लता परिवार के साथ जहांगीरपुरी इलाके में दूसरी मंजिल पर रहती है। इसके परिवार में पति मनोज कुमार के अलावा एक बेटा है। मकान के ग्राउंड फ्लोर पर महिला का जेठ और उसका परिवार रहता है। पहली मंजिल पर सास और ननद रहती है। तीसरी मंजिल को सास ने किराए पर दिया हुआ था। लता ने आरोप लगाया कि उसकी सास खर्चा देने के लिए दबाव बनाती थी। इस बात को लेकर परिवार में झगड़ा होता रहता है। आरोप है कि सोमवार सुबह वह अपने घर से नीचे उतर रही थी। इसी दौरान सास ननद ने उससे झगड़ा करना शुरू कर दिया। आरोप है कि ननद ने जबरन उसका हाथ पकड़ लिया। सास ने खौलती हुई दाल लता पर उड़ेल दी। उसके शोर मचाने पर पति मनोज वहां पहुंचा और उसे अस्पताल ले गया।