तजिंदरपाल सिंह बग्गा हिरासत मामले में आज दिन में साढ़े तीन बजे भाजपा नेता प्रदर्शन करेंगे। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता, राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह और पार्टी के वरिष्ठ नेता मनजिंदर सिंह सिरसा केजरीवाल सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत भी तीन बजे बग्गा के घर जाएंगे और उनके पिताजी से मुलाकात कर हालचाल जानेंगे। साथ ही भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद तेजस्वी सूर्य आज शाम चार बजे तजिंदर बग्गा के आवास पर पहुंचेंगे। प्रदेश भाजपा ने तजिंदर सिंह बग्गा की गिरफ्तारी के विरोध में शुक्रवार की शाम आम आदमी पार्टी मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने आप कार्यालय से पहले उन्हें अवरोधक लगाकर रोक दिया। हालांकि कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने अवरोधक पार करने की कोशिश की, तभी पुलिस ने भाजपाइयों को हिरासत में लेकर आईपी स्टेट थाने ले गई।