नई दिल्ली :  तीन हजार किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा शनिवार सुबह बदरपुर बॉर्डर से दिल्ली में प्रवेश कर गई। राहुल का काफिला इंडिया गेट से भी होकर गुजरेगा। दिल्ली के सात संसदीय क्षेत्रों में अलग-अलग पड़ाव होंगे। यात्रा में पार्टी के आला नेताओं, कलाकार, खिलाड़ियों, युवाओं के साथ सभी वर्ग और समुदाय के लोग और पार्टी के हजारों कार्यकर्ता भी शामिल होंगे। 

राहुल गांधी ने हजरत निजामुद्दीन औलिया की दरगाह पर चढ़ाई चादर 
भारत जोड़ो यात्रा निजामुद्दीन दरगाह पहुंची। यहां राहुल गांधी ने हजरत निजामुद्दीन औलिया की दरगाह पर चादर चढ़ाई। इस दौरान पुलिस और समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की हुई। 

भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी दिल्ली में अटल बिहारी वाजपेयी की समाधि स्थल भी जाएंगे। इसके अलावा, राजघाट, शक्ति स्थल, वीर भूमि, शांति वन और विजय घाट जाने का भी प्लान है। 

हम यहां आपके नफरत के 'बाजार' में प्यार की दुकान खोलने आए हैं: राहुल
भारत जोड़ो यात्रा के दिल्ली में प्रवेश करते हुए राहुल गांधी ने कहा था कि कुछ लोग नफरत फैला रहे हैं लेकिन देश का आम आदमी अब प्यार की बात कर रहा है. हर राज्य में लाखों लोग यात्रा में शामिल हुए हैं। मैंने आरएसएस-बीजेपी के लोगों से कहा है कि हम यहां आपके नफरत के 'बाजार' में प्यार की दुकान खोलने आए हैं