नई दिल्ली । देश प्रगति कर रहा है। देश की प्रगति में शामिल होना हर व्यक्ति का दायित्व है। भारत का गौरवशाली इतिहास है। अपनी धरोहर और उपलब्धि के बारे में आने वाली पीढ़ी को बताना जरूरी है। उक्त बातें लाल किला के परिसर में आयोजित भारत भाग्य विधाता महोत्सव के समापन समारोह में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग, उपभोक्ता मामले व खाद्य प्रसंस्करण तथा कपड़ा मंत्री पीयूष गोयल ने कही।गोयल ने कहा कि भारत अनेकता में एकता वाला देश है। इस महोत्सव में देश की संस्कृति की झलक देखने को मिलती है। हमें अपनी संस्कृति को संजोकर रखने की जरूरत है और यह तब संभव होगा जब सब मिलकर इसका आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि भारत ने दुनिया को बहुत कुछ दिया है। जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता है। हमारे देश में विविधता में एकता है। यही विविधता हमारी शक्ति है। यहां कई नायकों के बारे में जानकारी मिलती है। उनकी कहानी हर किसी को जाननी चाहिए। खासकर युवाओं को इस ओर ध्यान देना होगा। देश की धरोहर में आयोजित महोत्सव विभिन्न राज्यों की संस्कृति के बारे में जानने का अच्छा अवसर है।