दिल्ली | AAP के वरिष्ठ नेता राघव चड्ढा ने कहा कि एमसीडी में भ्रष्टाचार ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। विदेश के बड़े बड़े विश्वविद्यालय इस बात पर अध्ययन कर रहे हैं कि इतनी भ्रष्ट संस्था कैसे हो गई। किसी को घर बनवाना हो तो पार्षद पैसा वसूलने आ जाता है। यहां लेंटर डालने से लेकर हर चीज का रेट फिक्स है। आप नेेता सोमवार को देवली वार्ड-161 में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

इस मौके पर राघव चड्ढा ने भाजपा पर खूब हमला बोला। उन्होंने भाजपा के कामकाज पर सवाल उठाते हुए अपील की कि इस बार दिल्ली की साफ सफाई की जिम्मेदारी भी अरविंद केजरीवाल को देनी है। दिल्ली विधानसभा के बाद अब एमसीडी में भी केजरीवाल सरकार बनाएं। दोनों जगह बड़ा और छोटा इंजन अरविंद केजरीवाल का होगा। उन्होंने दावा किया कि अरविंद केजरीवाल एमसीडी में भ्रष्टाचार मुक्त शासन लाएंगे। दिल्ली की जनता ने अरविंद केजरीवाल को जो भी काम दिया उन्होंने वह करके दिखा दिया, मगर जनता ने अरविंद केजरीवाल की बजाय साफ सफाई की जिम्मेदारी भाजपा को दे दी।

राजधानी की जनता आगामी चार दिसंबर को भाजपा की जुमलेबाज सरकार को एमसीडी से खदेड़ने के लिए वोट करेगी। इसके अलावा जनता इस बार दिल्ली को साफ सुथरा बनाने वाली AAP की सरकार चुनेगी, क्योंकि आप संयोजक अरविंद केजरीवाल के पास दिल्ली को सुंदर बनाने का ब्लू प्रिंट है। यह दावा आप नेता व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने सोमवार को गोकलपुर, रोहताश नगर और शाहदरा विधानसभा क्षेत्र के वार्डों में नुक्कड़ सभाओं में किया।

इस मौके पर मनीष सिसोदिया ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि एमसीडी चुनाव में अब मात्र छह दिन बाकी हैं और वह अपने वार्ड के घर-घर में जाएं। इस दौरान मतदाताओं को जागरूक करें कि यदि भाजपा या कांग्रेस का पार्षद आया, तो अगले पांच साल सिर्फ लड़ाई-झगड़े करेगा और जनता का काम रुकवाएगा। इस कारण अबकी बार दिल्ली की बेहतरी और एमसीडी में भी अपने सारे काम करवाने के लिए अरविंद केजरीवाल का पार्षद ही चुनें।

उन्होंने कहा कि भाजपा से दिल्ली का कूड़ा साफ़ नहीं किया गया और उसने पूरी दिल्ली को कूड़ा-घर बना दिया। भाजपा महीनों तक सफाई कर्मचारियों का वेतन नहीं देती है। सेवानिवृत हो चुके सफाई कर्मचारियों को पिछले पैसे नहीं मिले हैं, मगर एमसीडी में केजरीवाल की सरकार बनते ही सफाई कर्मचारियों को इन सभी समस्याओं से छुटकारा मिलेगा। सफाई कर्मचारियों को हर महीने समय पर वेतन दिया जाएगा और सभी कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाएगा।