दिल्ली-NCR से सटे गुरुग्राम  के सेक्टर-109 स्थित चिंटल्स पैराडिसो सोसाइटी में हादसे के बाद से सरकारी विभाग सक्रिय हो गया है | नगर निगम की ओर से हाल ही में कराए गए एक सर्वे में 555 असुरक्षित अवैध इमारतों की पहचान की गई है | इनमें रिहायशी के अलावा व्यावसायिक इमारतें भी शामिल हैं | निगम अधिकारियों के अनुसार इन भवनों पर जल्द सीलिंग की कार्रवाई की जा सकती है | दरअसल 10 फरवरी को सेक्टर-109 की चिंटल्स पैराडिसो सोसाइटी में 18 मंजिला टावर की छठी से दूसरी मंजिल तक के फ्लैट का लेंटर टूट गया था | इस हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई थी | जबकि एक व्यक्ति को 16 घंटे के रेस्क्यू के बाद बाहर निकाला गया था |

इस हादसे से सबक लेते हुए नगर निगम ने भी अपने क्षेत्र में अवैध रूप से बनी बहुमंजिला इमारतों का सर्वे करवाया है | निगमायुक्त मुकेश कुमार आहूजा ने 16 फरवरी को निगम के चारों संयुक्त आयुक्त और इनफोर्समेंट टीम की बैठक लेकर उन्हें शहर में अवैध रूप से बनी इमारतों का सर्वे करने के निर्देश दिए थे | टीम ने सर्वे पूरा कर निगमायुक्त को इनकी सूची सौंप दी है | करीब 555 असुरक्षित इमारतों की पहचान की गई है |