दिल्ली समेत पूरे देश में शुक्रवार से एकल उपयोग प्लास्टिक से बनी हुई 19 चीजों पर प्रतिबंध लग गया है। इससे दिल्ली में रोजाना निकलने वाले आधे से ज्यादा प्लास्टिक कचरे में कमी आने की उम्मीद है। दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति की ओर से मई में किए गए आकलन के हिसाब से राजधानी में रोजाना करीब 1140 टन प्लास्टिक कचरा निकलता है। इसमें से करीब 632 टन कचरा एकल उपयोग प्लास्टिक से बना होता है। एकल उपयोग प्लास्टिक पर पाबंदी लगने से इस कचरे की मात्रा में कमी आएगी। दिल्ली में इस प्रतिबंध को लागू कराने के लिए बाजारों और औद्योगिक क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया जाएगा। जबकि, लोगों को इसके विकल्पों के बारे में जागरूक करने के लिए दिल्ली सरकार की ओर से तीन दिवसीय विकल्प मेले का आयोजन भी शुक्रवार से किया जाने वाला है।